होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान के नारे के साथ मनाया गया संविधान दिवस

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान  के नारे के साथ  संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया, शपथ दिलाई गई तथा हमारा संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। 

डाॅ. राजीव कुमार ने कहा कि आज 26 नवंबर को देश भर  में संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन को राष्ट्रीय संवैधानिक दिवस और राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान को अपनाया गया था और राष्ट्र को समर्पित किया गया था। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 1950 में इसे लागू किया गया था। इसलिए प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले इस दिन को कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा डॉ. बीआर अंबेडकर की 125वीं जयंती मनाने के लिए 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस घोषित किया गया।

होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर को श्भारतीय संविधान का जनकश् कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने संविधान के प्रारूप समिति की अध्यक्षता की थी। हमारे संविधान ने भारत को संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मुख्य रूप से डॉ. बी.आर. अंबेडकर को सम्मानित करने और संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह देश के सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि 1946 में एक संविधान सभा का गठन किया गया, जिसके अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद थे। उन्होंने कहा कि सभा ने पहली बार 9 दिसंबर 1946 को बैठक की। उन्होंने कहा कि इस सभा में डॉ. बी.आर. अंबेडकर और सरदार पटेल जैसे प्रमुख नेता शामिल थे और संविधान का प्रारूप डॉ. अंबेडकर की अध्यक्षता वाली समिति को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने 1948 में संविधान का मसौदा पेश किया। 

संविधान सभा ने दो साल, 11 माह 18 दिन में 114 दिन बैठक की। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post