गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिले के करीब छह हजार टीबी रोगियों को नवंबर और दिसंबर माह का पौष्टिक भत्ता नहीं मिला है। चिकित्सकों के मुताबिक इससे टीबी के रोगियों की स्वस्थ होने की गति धीमी पड गई है। प्रत्येक टीबी रोगी को 500 रूपए प्रति माह की दर से पौष्टिक भत्ता मिलता है।
सीएमओ डा. संजीव मांगलिक ने आज बताया कि उन्होंने इस संबंध में शासन से पत्राचार किया है। जल्द ही उक्त धनराशि मरीजों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। शासन से बजट नहीं मिलने के कारण टीबी रोगियों को पौष्टिक भत्ता नहीं दिया जा सका। सहारनपुर जनपद में जिला अस्पताल में टीबी सैनीटोरियम में टीबी रोगियों का उपचार नि:शुल्क किया जाता है और सभी सीएचसी और पीएचसी पर दवा वितरित की जाती है। पौष्टिक आहार के अभाव में टीबी का रोग तेजी के साथ बढता है।

