गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद के थाना नागल क्षेत्र में गन्ना तौल क्रय केंद्रों से लोहे के बांट चोरी करने का सिलसिला जारी है। बीती रात भी अज्ञात चोरों ने खजूरवाला स्थित बजाज शुगर मिल के गन्ना तौल क्रय केंद्र से पांच कुंतल लोहे के बाट चुरा लिए। तौल केंद्र पर कार्यरत चौकीदार ने घटना की बाबत एक तहरीर थाने दी है। क्षेत्र में मात्र एक पखवाड़े में गन्ना तौल क्रय केंद्रों से लोहे के बाट चोरी करने की चार घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले सरसीना, सरकडी व लाखनौर में अज्ञात चोर गन्ना तौल क्रय केंद्रों से बाट चुरा चुके हैं। लाखनौर में चोरों ने साढ़े चार कुंतल लोहे के बाट चोरी किए थे, मगर अगले दिन डेढ कुंतल बाट एक खेत के अंदर से बरामद हो गए थे।
चोरों ने से सरकड़ी से डेढ़ कुंतल बाट तथा सरसीना से ढाई कुंतल बाट चुरा लिए थे, जिनका आज तक सुराग न लग सका है। गन्ना तौल क्रय केंद्र पर कार्यरत चौकीदार राजेश ने बताया कि वह रात में अपनी झोपड़ी के अंदर पड़ा सो रहा था कि किसी समय चोर झोपड़ी के बाहर रखे बांट उठा ले गए।

