गौरव सिंघल, देवबंद। संस्कार भारती जनपद सहारनपुर द्वारा तुलसी पूजन उत्सव भव्यता व दिव्यता के साथ देवबंद स्थित कार्यालय पर मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संरक्षक एस सी शर्मा ने एवं मुख्य अतिथि विभाग संयोजक डॉ लोकेश वत्स सरल गुरुजी रहे। संचालन वीके कश्यप ने किया। सर्वप्रथम तुलसी माता के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग संयोजक लोकेश वत्स सरल गुरु, जिला संगीत विधा प्रमुख अशोकानंद व लोककला विधाप्रमुख सेवाराम के साथ संयुक्त रूप से किया गया। इसके पश्चात संस्कार भारती ध्येय गीत की सुंदर प्रस्तुति व राम भजन अशोकानंद ने प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
भजन गायक सेवा राम ने बहुत सुंदर सरस्वती वंदना वह अच्युतम केशवम की प्रस्तुति दी। उसके बाद संगीत शिक्षक सतपाल ने गुरु वंदना व शिव आराधना प्रस्तुत की। मोंटी कुमार ने बहुत सुंदर तुलसी भजन प्रस्तुत किया।
विकास कश्यप ने राम भजन सुनाकर वातावरण को राममय कर दिया। गौरव शर्मा बर्फानी व निखिल गर्ग ने आध्यात्मिक भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को दिव्यता प्रदान की। अभिषेक आनंद ने शंकर स्तुति सुनाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। विभाग संयोजक लोकेश वत्स सरल गुरु जी ने अपने संबोधन में कहा हमें अपनी संस्कृति व परंपराओं का निर्वहन दिव्यता व भव्यता के साथ करना है।
उन्होंने कहा संस्कार भारती कला साधकों के हितों के संरक्षण व कला को बढ़ावा देने के लिए तत्पर है। बड़े-बड़े कलाकार संस्कार भारती में अपने अनुभव ज्ञान को बांट रहे हैं। सभी कलाकारों का संस्कार भारती में स्वागत है। उन्होंने कहा हमें राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखकर के कार्य करना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे जिला संरक्षक एस सी शर्मा ने कहा कला उन्हीं में उत्पन्न होती है जिन पर मां शारदे का विशेष आशीर्वाद होता है। एक कलाकार अपने कला के माध्यम से हमें आनंदित कर देता है व ज्ञान प्रदान करता है। संस्कार भारती कला साधकों के लिए कक्षा दृश्य को लेकर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर हिमांशु हरि, आशु त्यागी, रविंद्र कश्यप एडवोकेट, अनिल कश्यप, सुमित आदि उपस्थित रहे।



