शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। शहीद मंगल पांडेय राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में आज विविध आयोजन किए गये। सर्वप्रथम समाजशास्त्र परिषद द्वारा “आशु भाषण“ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इसमें समाजशास्त्र विषय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं प्रदूषण, सोशल मीडिया के लाभ, राष्ट्र निर्माण, आज की नारी, स्वच्छता जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में ख़ुशी शर्मा प्रथम, नंदिनी भारती द्वितीय, तथा नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में डॉ. सत्यपाल सिंह राणा एवं डा. अलका चौधरी निर्णायक रहे। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. गीता चौधरी ने किया।
समाजशास्त्र विभाग द्वारा अंतर्संकाय व्याख्यानमाला के अंतर्गत विज्ञान संकाय के सहयोग से पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर आधारित एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जंतु विज्ञान विभाग से डा. सत्यपाल सिंह राणा ने ‘परिस्थितिकीय असन्तुलन और पर्यावरण प्रदूषण’ विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए उन्हें पर्यावरण और पारिस्थिति की संतुलन पर कार्य करने के लिए तथ्यपूर्ण ज्ञान प्रस्तुत किया। डा. सत्यपाल सिंह राणा ने बताया कि किस प्रकार से प्रकृति में उपस्थित प्रत्येक जीवधारी पारिस्थितिकी संतुलन और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है।
रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफ़ेसर डा. अलका चौधरी ने ‘वैश्विक तापक्रम में वृद्धि और हमारा दायित्व’ विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए विषय से संबंधित जानकारियों से अवगत कराया। उन्होने बताया कि हमें प्रकृति के उन सभी उपयोगी हिस्सों का संरक्षण करना होगा और अपनी जीवनशैली को परिस्थितिकी के अनुरूप बनाना होगा, जिससे पर्यावरण में संतुलन स्थापित किया जा सके और हम स्वच्छ वातावरण में सांस ले सकें। संगोष्ठी में 60 छात्राएँ उपस्थित रहीं।




