शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में "महिला स्वास्थ्य: समस्या और समाधान" विषय पर व्याख्यान आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अमृत महोत्सव के तत्वावधान में महिला प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए आज महिला स्वास्थ्य: समस्या और समाधान विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें सभी संकायों की अधिकाधिक छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० (डॉ०) अंजू सिंह ने मां सरस्वती पर माल्यार्पण कर किया। 

मुख्य वक्ता डॉ० सुनीता चौहान, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, यूपीएचसी, तारापुरी, मेरठ रहीं। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याओं को डॉ० चौहान के समक्ष रखा। डॉ० चौहान ने उनकी सभी समस्याओं का समाधान करते हुए सकारात्मक सोच, समयबद्धता, ध्यान केंद्रित करने, मनोबल ऊंचा रखने, शरीर को पुष्ट बनाने तथा तनाव से दूर रहने की भी सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने, हरी पत्तेदार सब्जियां, मेवे और फलों को अपने आहार में शामिल करने, व्यक्तिगत स्वच्छता रखने जैसे हर पहलू पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आयरन, कैल्शियम, हीमोग्लोबिन, फोलिक एसिड तथा विटामिन B12 का भी महत्व बताया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन महिला प्रकोष्ठ प्रभारी व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ० सुधारानी सिंह द्वारा किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० (डॉ०) अंजू सिंह ने कहा कि महिलाएं स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। महिलाओं का स्वस्थ रहना अति आवश्यक है। यदि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तो परिवार स्वस्थ रहेगा और यदि परिवार स्वस्थ रहेगा तो समाज भी स्वस्थ रहेगा। इस अवसर पर प्रो० (डॉ०) भारती दीक्षित, डॉ० अलका चौधरी तथा डॉ० आवेश कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post