गौरव सिंघल, देवबंद। नगर में बीती देर रात एक धार्मिक स्थल को एक नशेडी युवक ने क्षति पहुंचाने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
नगर के स्टेट हाइवे पर स्थित एक धार्मिक स्थल पर एक युवक ने बीती देर रात क्षति पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात दूसरे सम्प्रदाय के एक युवक ने हाइवे स्थित बाल्मीकि बस्ती के बाहर बने धार्मिक स्थल पर पहुंचकर वहां बने रैलिंग पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। रैलिंग पर डंडों की आवाज सुन आसपास के लोगों ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को भीड़ से अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पालिका के नामित सभासद गजराज सिंह राणा ने पुलिस से घटना की जांच की मांग करते हुए कहा कि जानबूझकर चुनाव से पूर्व साम्प्रदायिकता फैलाकर माहौल खराब करने की साजिश की जा रही है। देवबंद कोतवाली प्रभारी हृदय नारायण सिंह ने बताया कि नशे की हालत में युवक ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है। युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि देवबंद क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह से ठीक है।


