गौरव सिंघल, देवबंद। रेलवे फाटक से गुजरते समय रेलवे विद्युत लाइन से टकराए टायरों से भरे ट्रक में अचानक भयंकर आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में नाकामयाब रही। आग के कारण जहां यातायात बाधित रहा वही रेलवे टीम रेलवे विद्युत लाइन को ठीक करने में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार जामिया तिब्बिया की ओर से कासिमपुरा फाटक से गुजरते समय पुराने टायर से भरे बड़े ट्रक के रेलवे की विद्युत लाइन से टच होने के कारण उसमें आग लग गई, कुछ आगे चलने पर जैसे ही ड्राइवर को आग लगने की जानकारी हुई तो तत्काल उसने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक के अगले हिस्से को अलग कर दिया। इस दौरान ट्रक में भरे पुराने टायरों में धू-धू कर आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जन हानि नहीं हुई है। आग इतनी भयंकर थी कि घंटों के प्रयास के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जहां आग लगने के कारण बाईपास रोड के यातायात बाधित रहा। वही ट्रेनों को भी दोनों तरफ के स्टेशनों पर रोका गया है। वही रेलवे टीम लगातार व्यवस्था को ठीक करने का प्रयास में लगी रही। ट्रक में लगी आग के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा रही। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि आग के कारणों का पता किया जा रहा है।

