शि.वा.ब्यूरो, आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल सदैव अग्रसर रहता है l इसी को ध्यान में रखते हुए आज कक्षा 11 तथा 12 के 108 छात्रों को एयर फोर्स स्टेशन में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। संस्था के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि प्रातः 9:30 बजे छात्र अपने शिक्षक व शिक्षिकाओं के साथ गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने बताया कि वहाँ पहुँचकर एयरफोर्स स्टेशन को देखने व वहाँ की कार्यप्रणाली को जानने हेतु वे अत्यंत प्रसन्न व उत्सुक दिखाई दिए।
डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि वहाँ छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान वारेंट ऑफीसर अजय शर्मा के निर्देशन में किया गया। उन्होंने सभी छात्रों व शिक्षकों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली जैसे- एयर ट्रेफिक कंट्रोलर, पैराट्रूपर आदि से अवगत करवाया, जिसमें उन्होंने अलग-अलग तरह से जंप करके पैराशूट के कार्य व प्रयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को बताया कि किस प्रकार आपातकालीन स्थिति में राडार तकनीकी का प्रयोग किया जाता है। इसके बाद छात्रों ने अपनी जिज्ञासा को शांत करने के लिए प्रश्नों की बौछार कर दी, जिनके उत्तर जानकर छात्रों के चेहरे पर प्रसन्नता व संतुष्टि के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों में देश के प्रति सम्मान, लगाव व राष्ट्र के लिए कुछ करने का जज्बा कायम करना, परस्पर सहयोग, प्रेम, भाईचारा, मित्रता पूर्ण व्यवहार के साथ ही साथ नवीनतम तकनीकी ज्ञान से परिचित कराना, सभी का मिलकर एक समूह में रहना, खाना-खेलना तथा बौद्धिक क्षमता में दक्षता जैसे गुणों को विकसित करना है। उन्होंने छात्रों को बताया कि एयर फोर्स स्टेशन के भ्रमण की समस्त जिम्मेदारी का निर्वहन समन्वयिका शालिनी देव, अभि सिरोही व कक्षा 11 व 12 के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाओं द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
संस्था के निदेशक ने बताया कि छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान देने के साथ ही साथ उनके चहुँमुखी विकास में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल सदैव प्रयासरत रहता है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालय में प्रत्येक वर्ष कक्षा नर्सरी से बारह तक के छात्रों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को कक्षा नर्सरी से कक्षा 1 तक के 90 छात्रों ने आगरा के प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारक सिकंदरा और गुरु का ताल का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर कक्षा 2 से कक्षा 5 तक के 172 छात्र गोकुल से दो किलो मीटर की दूरी पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रमणरेती गए। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के 219 छात्रों को शैक्षिक भ्रमण के लिए शहीद स्मारक होटल पीएल पैलेस व खेलगाँव ले जाया गया। 16 दिसंबर को कक्षा 9 तथा 10 के 116 छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए गुप्ता ओवरसीज व स्टोनमैन हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्री ले जाया गया। 17 दिसंबर को कक्षा 11 तथा 12 के 108 छात्रों को एयर फोर्स स्टेशन में शैक्षणिक भ्रमण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।



