जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन डीएवी डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जनपद के समस्त विकास खण्डों के 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 100 शिक्षक, 10 एआरपी व 03 एसआरजी समेत 113 को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र व शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, विधायक राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष संजय राठी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीनाक्षी स्वरूप, विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद और देश के द्वितीय राष्ट्रपति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि एक मां अपने बच्चे को संस्कारी व शिक्षित बनाने के लिए उसके संपूर्ण भविष्य का दायित्व शिक्षक को सौंप देती है, बच्चों की प्रतिभा को जानने, उनमें आत्मविश्वास जगाने, बच्चों को हीन भावना से निकलकर उनके अंदर एक विश्वास जागृत करने आदि समस्त दायित्व शिक्षक पर है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सरकारी कार्यों के संपादन में शिक्षकों की एक अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षक सभी विषयों में पारंगत है और उनके द्वारा बच्चों को उत्कृष्ट श्रेणी की शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 को सरकार करने में शिक्षक एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी शिक्षक सम्मान के योग्य हैं। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक कार्यक्रम मैं सम्मानित होने से वंचित रहे हैं, उन शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाए।
विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करना और उन्हें संस्कारी बनाना हमारे शिक्षकों की ही देन है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष संजय राठी ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं और बधाई प्रदान की। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि शिक्षकों के द्वारा देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने उपस्थित गुरुजनों को प्रणाम करते हुए शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं प्रदान की। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई तथा मंच संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डाॅ.राजीव कुमार ने किया।


.jpg)
.jpg)