शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बीसीए तृतीय सेमेस्टर के समस्त छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने सभी को नशा न करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज के समय में नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करें।
बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव तायल ने कहा कि आधुनिक समय में युवाओं के सामने अनेक प्रकार की चुनौतियाँ हैं, जिनमें नशे की प्रवृत्ति अत्यंत गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है और इस अवस्था में लिए गए निर्णय पूरे जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अथवा किसी भी प्रकार के नकारात्मक प्रभाव में आकर नशे जैसी बुराई की ओर कदम न बढ़ाएँ। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देगा, तभी भारत विश्व का अग्रणी राष्ट्र बन सकेगा।
कार्यक्रम की संयोजक एवं बीबीए, बीसीए एवं बीएससी कंप्यूटर साइंस विभाग की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संगीता गुप्ता ने कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति के सपनों, प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने आह्वान किया कि वे अपने समय का सदुपयोग शिक्षा, शोध, नवाचार खेलकूद एवं सांस्कृ तिक गतिविधियों में करें तथा अपने जीवन में अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बनें। रोहन त्यागी ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। हिमांशु शर्मा ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में नशा मुक्ति का संदेशवाहक बने तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। उन्होंने कहा कि आज ली गई शपथ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसका पालन प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान मौ. अंजर ने सभी को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
संस्थान के मीडिया प्रभारी डा. आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक नागरिक नशा मुक्त भारत के संकल्प को अपने जीवन में अपनाए, तो एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में संजय शर्मा, रोबिन मालिक, चन्दना दीक्षित नवनीत चैहान, देवेश भारद्वाज, राहुल शर्मा लवी वर्मा, ज्योति, अनन्या शुक्ला, उज्जवल, रजत, प्राची, निरंकार शर्मा, दनिया, शशांक भारद्वाज, प्रियंका, प्राची, दीपक गर्ग कुलदीप, अनुज काकरन अमित, सतीश एवं बीसीए तृतीय सेमेस्टर के लगभग सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
