गौरव सिंघल, देवबंद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज भाजपा नेता एवं प्रदेश के औद्योगिक एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने आज कहा कि भारत में उत्तर प्रदेश आज अकेला ऐसा राज्य बन गया है जहां बडे-बडे उद्योगपति खुलकर निवेश कर रहे है। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। उन्होंने देवबंद के औद्योगिक आस्थान में वरिष्ठ व्यापारी नेता हुलाशराय सिंघल द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में कहा कि अभी तक प्रदेश में हुई समिट में कुल 22 लाख करोड के प्रस्ताव स्वीकृत हुए थे, जिसमें से 15 लाख करोड का निवेश जमीन पर उतर गया है और सात लाख करोड के प्रस्तावों पर काम जारी है। प्रदेश में कानून- व्यवस्था जनता के भरोसे को मजबूत करती है। व्यापारी, उद्यमी, छात्रा, महिला एवं किसान सभी में सुरक्षा की भावना बलवंती हुई है। लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढावा एवं दान चोरी के आरोपियों को जेल भेजा गया है। बख्शा किसी को भी नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भाजपा द्वारा बनाया गया नकल विरोधी कानून वापस लिया था। आज उनके बेटे अखिलेश यादव पेपर लीक पर बवाल मचा रहे है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार युवाओं एवं छात्रों के साथ खड़ी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने जन्तर-मंतर पर हुए युवा आंदोलन के तहत उन्हें और उनकी मां को गाली देने वालों को बड़ा दिल दिखाते हुए माफ कर दिया था। अभिनंदन समारोह में देवबंद के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कारोबारी नेताओं हुलाश राय सिंघल, विनोद गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह, अरविंद सिंघल, सभासद मनोज सिंघल, अशोक गुप्ता, कुलदीप कुमार छाबडा, सुभाष मित्तल, विजेश कंसल, देवीदयाल शर्मा एडवोकेट ने राज्य मंत्री जसवंत सैनी को पगड़ी पहनाकर, गदा भेंट कर, शाल उढाकर अभिनंदन किया। वक्ताओं के कहा कि राज्य मंत्री जसवंत सैनी सरल एवं सादगी की मिसाल है। वह लोगों की मदद करने को सदैव तत्पर रहते है। उनके मंत्री बनने से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को नई उर्जा एवं ताकत मिली है।
निवेश का आज सबसे उपयुक्त राज्य बना उत्तर प्रदेश : राज्यमंत्री जसवंत सैनी
byHavlesh Kumar Patel
-
0
