शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आज लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सोलानी नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जल प्रवाह एवं आसपास क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान नदी में जल प्रवाह को प्रभावित करने वाले विभिन्न क्षेत्रों को देखा और नदी के सुचारू प्रवाह को बनाए रखने तथा संभावित जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर साफ सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर नियमित साफ सफाई एवं निगरानी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, नायब तहसीलदार अमित कुमार व लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

