शि.वा.ब्यूरो, बुढ़ाना। लगातार हो रही अधिक वर्षा के कारण हुए नुकसान की प्राप्त सूचनाओं के क्रम में आज उप जिलाधिकारी न्यायिक राजकुमार भारती तहसील के ग्राम टोडा, रसूलपुर, दभेड़ी, हुसैनाबाद, भनवाडा एवं कल्याणपुर गांवों का मौका-मुआयना करके स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और सम्बन्धितों को नियमानुसार राहत व सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।
उप जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए क्षति का आकलन करने तथा नियमानुसार मुआवजा संबंधी कार्रवाई शीघ्र संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासनादेश के अनुसार पात्र प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 72 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी राजकुमार भारती ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा क्षेत्र पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है तथा किसी भी अपरिहार्य स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी सभी से अपील की कि लगातार वर्षा के दौरान जर्जर भवनों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

