गौरव सिंघल, देवबंद।अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन (रजि.) की प्रथम कार्यकारिणी बैठक रेलवे रोड स्थित एक सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक का शुभारंभ आपसी परिचय के साथ हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने एक-दूसरे से परिचित होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में संगठन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष रितेश बंसल एडवोकेट ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य संगठन का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज में एकता, आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही समाज के लोगों को संगठित कर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा युवा पीढ़ी को समाज की परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक के दौरान महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाने को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग, सहभागिता एवं कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने पर अपने विचार रखे। सभी ने महाराजा श्री अग्रसेन जी के आदर्शों, उनके समाजवादी चिंतन तथा एक ईंट, एक रुपया के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि संगठन समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चले और सामाजिक एकता, सेवा, संस्कार एवं समृद्धि के उद्देश्यों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करे। सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को देवबंद में सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने तथा भविष्य में समाजहित और राष्ट्र हित के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही 25 अक्टूबर दिन रविवार शरद पूर्णिमा पर हवन-पूजन से संगठन के कार्यों की शुरुआत होगी। जिसके संयोजक सचिन गुप्ता एवं हिमांशु अग्रवाल को सर्वसम्मति से बनाया गया।
बैठक में मुख्य रूप से संजय गोयल,रोहित अग्रवाल, नितिन गर्ग, अमित गर्ग विनायक, अक्षय बंसल, शिवम गुप्ता,विजय सिंघल, सोहनलाल कुच्छल, अभिनव गोयल, अश्वनी सिंघल एड.,अमित सिंघल एड., हार्दिक मंगल, वरुण तायल, आलोक मित्तल,वंश सिंघल, मयंक गर्ग, वंश सिंघल, प्रथम गोयल, शलभ सिंघल, अभय सिंघल आदि उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री विशाल गर्ग ने किया।

