संजय चौहान की जयंती पर 10 अक्टूबर को, हजारों समर्थक जुटेंगे

सुरेंद्र सिंघल, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के पहले उपमुख्यमंत्री रहे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता चौधरी नारायण सिंह के सुपुत्र किसान मसीहा और पूर्व सांसद संजय चौहान की 10 अक्टूबर को जयंती के मौके पर बड़े समारोह का आयोजन उनके बेटे रालोद सांसद चंदन चौहान द्वारा किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लोग जुटेंगे।

संजय चौहान के बड़े भाई सुनील चौहान ने आज वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल को बताया कि संजय चौहान बिजनौर की लोकसभा सीट से रालोद-भाजपा उम्मीदवार के रूप में वर्ष 2009 में लोकसभा सदस्य चुने गए थे। उन्होंने बताया कि उससे पूर्व वह मुजफ्फरनगर की मोरना विधानसभा सीट से 1996 से 2002 तक समाजवादी पार्टी के विधायक रहे। उन्होंने बताया कि 52 वर्ष की अल्पआयु में ही संजय चौहान का 14 अक्टूबर 2014 में निधन हो गया था। उन्होंने बताया कि अब उनके बेटे चंदन चौहान उन्हीं के बिजनौर लोकसभा सीट से लोकदल-भाजपा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपने पिता संजय चौहान की तरह चंदन चौहान भी 2024 में लोकसभा सदस्य बनने से पूर्व 2022 के विधानसभा चुनावों में मीरापुर सीट से रालोद-सपा गठबंधन से विधायक चुने गए थे।
उन्होंने बताया कि संजय चौहान के व्यक्तित्व और कार्य प्रणाली पर उनके सम्मानित पिता चौधरी नारायण सिंह का जबरदस्त प्रभाव रहा है। उन्होंने बताया कि संजय चौहान से जो कोई भी मिलता था, उनका ही होकर रह जाता था। उनके करीबियों ने आज कहा कि संजय चौहान का नाम जेहन में आते ही एक आत्मीय अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि संजय चौहान ने अपने पिता की तरह जीवनभर किसानों, पिछड़ों और शोषितों के हितों के लिए काम किया। उन्होंने बताया कि वह बेहद विनम्र और ईमानदार व्यक्ति थे। सुनील चौहान ने बताया कि संजय चौहान की स्मृति में 10 अक्टूबर को शनिवार प्रातः उनके फार्म हाउस पर सहभोज का आयोजन होगा और उनकी सेवाओं और कार्यों को याद किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post