सरदार बल्लभ भाई पटेल यूनिवर्सिटी के तत्वाधान में ग्राम सफीपुर में एक दिवसीय निशुल्क पशु स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, बुढ़ाना। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ के पशु चिकित्सा वैज्ञानिकों तथा पशुपालन विभाग द्वारा इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के सहयोग से निकटवर्ती ग्राम सफीपुर पट्टी में विशेष पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञों ने पशुपालकों को पशुओं के पोषण, कृमिनाशन, स्वच्छ प्रबंधन एवं रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान के संबंध में भी जानकारी दी। 

इस अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि किसान और पशुपालक विश्वविद्यालय की प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों तक पहुंचकर पशुपालकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर किसानों और वैज्ञानिकों के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनते हैं। 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के लिए विभाग की टीमों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ये टीमें घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखें। परियोजना प्रभारी प्रो. अमित वर्मा ने बताया पिछले वर्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में खुरपका-मुंहपका, गलघोटू तथा अन्य संक्रामक रोगों के कारण पशुओं की मृत्यु एवं उत्पादन में कमी से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण, संतुलित पोषण, स्वच्छता तथा समय पर उपचार अपनाकर इन रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है। 

शिविर के दौरान डॉ. अफरोज, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. शुभमदीप, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. स्नेहा गुप्ता, डॉ. इशिता एवं डॉ. ईशान की टीम ने 135 से अधिक पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया। शिविर में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. शिव कुमार गंगवार, दिनेश गुप्ता, विक्रम सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post