शि.वा.ब्यूरो, खतौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का अवलोकन किया तथा टीकाकरण की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अभियान के प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आरक्षित कांवड़ वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाओं, उपकरणों, चिकित्सकीय स्टाफ एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार को निर्देशित किया कि अस्पताल में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी स्वास्थ्यकर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

