शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त अनिरूद्ध प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम द्वारा सोलानी नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जल प्रवाह एवं आसपास की परिस्थितियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी में जल प्रवाह को प्रभावित करने वाले विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया। उन्होंने नदी के सुचारू प्रवाह को बनाए रखने तथा संभावित जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को नदी से जलकुंभी हटवाने और व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर नियमित सफाई एवं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रशासन प्रत्येक स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है। उन्होंने अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी, नालों अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव अथवा अन्य समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 9412210080 पर उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
