उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ ने की सफाई कर्मियों के विनियमितीकरण व पुरानी पेंशन बहाली की मांग, प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा

सचिन गुप्ता, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शहर में जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को सौंपा। कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर तीन माह बाद जनपद और मंडल स्तर पर सफाई कार्य का बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी।

संघ के प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी सुधीर वाल्मीकी ने कहा कि वर्ष 2006 से स्थानीय निकायों में कार्यरत लगभग 65 हजार संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को आज भी स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पाया है, जिससे उनके भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने सेवा के दौरान मृतक हुए संविदा कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति देकर नियमित किए जाने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सफाई कर्मचारियों के लिए घोषित वेतन संबंधी लाभों को प्रदेश के सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों पर लागू करने की मांग की। ज्ञापन में अप्रैल 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग भी की। संघ का कहना है कि शासनादेश के अनुसार विज्ञापन प्रक्रिया से नियुक्त संविदा कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, इसलिए स्थानीय निकायों में पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्त संविदा सफाई कर्मचारियों को भी यही सुविधा मिलनी चाहिए। 

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार तीन माह के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो मंडल के सफाई कर्मचारी सामूहिक रूप से सफाई कार्य का बहिष्कार करेंगे तथा आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। संघ के पदाधिकारियों ने स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से अनुरोध किया कि कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से शीघ्र मुलाकात कराई जाए, ताकि वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जा सके। प्रदर्शन को एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी तथा भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के जिला अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने भी समर्थन दिया। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री सचिन चड्डा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कमल घावरी, राधे प्रणामी, सैयद मुमताज अली, फिरोज गांधी, अमरीश कौशिक सहित सैकड़ों सफाई कर्मचारी और समर्थक मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post