जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के तहत आशाओं ने रोल प्ले के माध्यम से दिया परिवार नियोजन का संदेश, नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के अंतर्गत आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी पर परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर आशा कार्यकर्ताओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, छोटे परिवार के लाभ तथा बढ़ती जनसंख्या के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी में आयोजित कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के समक्ष प्रभावी रोल प्ले प्रस्तुत कर परिवार नियोजन अपनाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा संतुलित परिवार के महत्व का संदेश दिया। वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी में महिला आरोग्य समिति की सदस्यों की उपस्थिति में आशा कार्यकर्ताओं ने रोल प्ले के माध्यम से परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलाते हुए उपलब्ध सेवाओं एवं साधनों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने कार्यक्रमों का निरीक्षण किया तथा रोल प्ले प्रस्तुत करने वाली आशा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता के लिए समुदाय की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। परिवार नियोजन अपनाकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है तथा परिवार को बेहतर स्वास्थ्य एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा सकती है। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर परिवार नियोजन संबंधी जानकारी पहुंचाने और पात्र दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पीएसआई इंडिया से भारती रावत एवं शोभित सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्ता, महिला आरोग्य समिति की सदस्याएं तथा स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post