जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक आयोजित, डीएम अरविंद कुमार चौहान ने पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने का आश्वासन

गौरव सिंघल, सहारनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि पत्रकारों के मामलों की जांच कर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण और प्रेरणायुक्त समाचारों के प्रकाशन से समाज में एक बेहतर संदेश जाता है। उन्होंने अपील की, कि आमजनों के बीच सकारात्मक खबरों का प्रचार-प्रसार किया जाए, जिसका वह अधिकतम लाभ उठा सकें। 

डीएम ने कहा कि अनावश्यक रूप से किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने मान्यता प्राप्त पत्रकारों को टोल प्लाजा पर आने जाने की निःशुल्क सुविधा दिलाये जाने की मांग पर नियमानुसार निर्णय लेने का आश्वासन दिया। सूचना संकुल की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराये जाने के लिए जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इस सम्बन्ध में भूमि चिन्हीकरण का कार्य किया जाएगा। 

जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता द्वारा अवगत कराया गया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे है। बैठक में सीओ सिटी प्रथम रविकांत, जिला स्तरीय स्थायी समिति के सदस्य वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र सिंघल, यश प्रभाकर, मौ0 आसिफ तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य आलोक तनेजा सहित वरिष्ठ पत्रकार मुख्य रूप से शामिल रहे।      

Post a Comment

Previous Post Next Post