डीएम-एसएसपी ने कांवड़ यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को किया ब्रीफ, आवश्यक दिशा-निर्देश दिये

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सकुशल, शांतिपूर्ण एवं दुर्घटनामुक्त ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज रिजर्व पुलिस लाईन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद एवं अन्य जनपदों से आए पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग उपरांत समस्त पुलिस बल को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया।

डीएम व एसएसपी ने ब्रीफिंग के दौरान कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूर्ण अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें और कांवड़ियों के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारती तत्व अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दें। इसके साथ ही संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार भ्रमणशील रहें। एसएसपी संजय वर्मा ने कहा कि ड्यूटी के दौरान वायरलेस सेट एवं अन्य संचार माध्यमों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं निर्विघ्न संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

बता दें कि जनपद को 09 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर एवं 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी एवं पीएसी की तैनाती की गई है। त्वरित निगरानी एवं समन्वय के लिए 14 कंट्रोल रूम एवं 03 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए 03 अस्थायी थाने शिव चैक, रामपुर तिराहा एवं शुक्रताल स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चैकियां भी संचालित की गई हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चैबे, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post