बिना फिटनेस, परमिट व अवैध वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। परिवहन विभाग द्वारा जनपद में बिना वैध फिटनेस एवं परमिट के संचालित वाहनों, अनधिकृत रूप से यात्री परिवहन में लगे वाहनों तथा निजी (प्राइवेट) वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन के नेतृत्व में संचालित अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, पंजीकरण, बीमा एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान बिना वैध फिटनेस एवं परमिट के संचालित वाहनों, अनधिकृत रूप से यात्री परिवहन में लगे वाहनों तथा व्यावसायिक प्रयोजन के लिए उपयोग किए जा रहे निजी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों का चालान तथा 4 वाहनों को सीज किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुधांशु रंजन ने बताया कि बिना वैध फिटनेस एवं परमिट के वाहन संचालित करना न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग भी पूर्णतः अवैध है तथा ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की, कि वे अपने वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र एवं परमिट समय से नवीनीकृत कराएं तथा निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग न करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post