शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। ऑर्गेनाइजिंग केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री एवं मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चैहान ने सहारनपुर मण्डल के असिस्टेंट ड्रग कमिश्नर (औषधि) नरेश मोहन को पत्र लिखकर अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों, नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध व्यापार तथा बिना लाइसेंस दवा आपूर्ति करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
सुभाष चैहान ने मण्डलीय असिस्टेंट ड्रग कमिश्नर (औषधि) नरेश मोहन को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यापारियों द्वारा लगातार यह शिकायत प्राप्त हो रही है कि कुछ असामाजिक एवं अवैध तत्व बिना किसी वैध लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित कर रहे हैं तथा अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों एवं झोलाछाप चिकित्सकों को खुलेआम दवाइयों की आपूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि संगठन के सहारनपुर जिला अध्यक्ष विजय सैनी, जिला महामंत्री सुनील राणा, शामली के जिला अध्यक्ष अनिल भार्गव जिला महामंत्री संजीव कुमार तथा मुजफ्फरनगर जनपद के अनेक पदाधिकारियों द्वारा लगातार इस संबंध में कार्रवाई की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग रुड़की, हिमाचल प्रदेश एवं अन्य स्थानों से वाहनों द्वारा बड़ी मात्रा में बिना बिल अथवा फर्जी बिलों के माध्यम से दवाइयों की आपूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन दवाओं में अनेक प्रसिद्ध मल्टीनेशनल कंपनियों के लोकप्रिय ब्रांडों के नाम का दुरुपयोग किया जाता है, जिन्हें बाजार मूल्य से अत्यंत कम कीमत पर बेचा जाता है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल वैध एवं लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है।
यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में नकली, निम्न गुणवत्ता वाली तथा नशीली दवाओं का भी व्यापार किया जा रहा है। परिणामस्वरूप युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है तथा गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को उचित उपचार के स्थान पर नकली अथवा घटिया दवाइयाँ मिलने से उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ऑर्गेनाइजिंग केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री एवं मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चैहान ने सहारनपुर मण्डल के असिस्टेंट ड्रग कमिश्नर (औषधि) नरेश मोहन से मांग की है कि मंडल के तीनों जनपदों के समस्त गांवों एवं कस्बे शहर की गलियों में विशेष संयुक्त अभियान चलाकर अवैध मेडिकल स्टोरों एवं बिना लाइसेंस दवा विक्रेताओं के विरुद्ध सघन जांच की जाए। उन्होंने मांग की है कि बिना बिल अथवा फर्जी बिलों के माध्यम से दवा आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों एवं गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए और नकली, नशीली एवं अमानक दवाओं के निर्माण, भंडारण एवं वितरण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों एवं झोलाछाप चिकित्सकों को दवाइयाँ उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की भी जांच कर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाए, इसके साथ ही नियमित निरीक्षण एवं निगरानी अभियान चलाकर भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
