कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला महिला का शव

गौरव सिंघल, देवबंद। कोतवाली क्षेत्र के निहालखेड़ी गांव में एक महिला का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में  मिला है। महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पांच टीमों का गठन कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस और फोरेंसिक दल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। 

 बताया जा रहा है कि निहालखेड़ी गांव निवासी रीना अलग मकान में रहती थी, जब गांव की एक महिला उसे जगाने के लिए उसके घर पहुंची तो रीना का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक दल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर भी विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। रीना के पति की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। करीब छह माह पहले बीमारी के कारण उसके छोटे बेटे का भी निधन हो गया था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। वह एक मेडिकल कॉलेज में साफ-सफाई का कार्य कर जीविका चला रही थी। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मायके पक्ष से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post