गौरव सिंघल, सहारनपुर। मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन की उपस्थिति में तहसील नकुड़ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं को सुना गया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त डॉ.रुपेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता में शामिल है। प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय में संवेदनशीलता अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 82 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से राजस्व विभाग की 07 मौके पर ही निस्तारित कर दी गयी।
मण्डलायुक्त डॉ.रुपेश कुमार ने आए हुए लोगों की शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी वादों का समय सीमा के अंदर निस्तारण किया जाए। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण की दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टि भी मिलनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दो विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीम बनाकर निस्तारण किया जाए। डॉ0 रूपेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समयबद्धता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्रतिदिन अपने कार्यालय में प्रातः 10ः00 से 12ः00 बजे तक जनसुनवाई करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही की जाए।
मंडलायुक्त डॉ.रुपेश कुमार ने जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ यमुना नदी से गागलहेडी तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उपस्थित सभी अधिकारियों को अवशेष कार्य को कांवड़ प्रारम्भ होने से पूर्व प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे के लिए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराते हुए उनकी चौड़ाई, ऊंचाई तथा भक्तिपूर्ण गाने और भजन ही बजाए जाएं। शिवभक्तों को शुद्ध खाना मिल सके इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित उत्तरदायित्वों को पूर्ण किया जाए। साफ सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। शिवभक्तों के साथ मधुर व्यवहार हो। सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत खंभों पर टेपिंग एवं ट्रांसफार्मर की बेरीकेडिंग कर दी जाए। सड़कों को गड्ढ़ामुक्त किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


