पूनम मित्तल के दोनों हत्यारे गिरफ्तार, लूटे गए सोने के कुंडल व हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद की थाना नकुड़ पुलिस ने कस्बा अम्बेहटापीर के व्यापारी संजय मित्तल की पत्नी पूनम मित्तल 60 वर्षीय की हत्या और लूट के मामले का खुलासा करते हुए इस सनसनीखेज वारदात में शामिल संजय मित्तल के पड़ोसी अंकुर गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता और उसके साथी सलमान पुत्र सुलेमान निवासी मोहल्ला गाढ़ान कस्बा अम्बेहटापीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पूनम के कान से खींचे गए सोने के कुंडल, एक तमंचा 315 बोर, एक मोटर साइकिल, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किए हैं। एसएसपी सहारनपुर अभिनंदन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि एक जून की शाम करीब साढ़े तीन बजे अंकुर गुप्ता ने संजय मित्तल के घर में घुसकर चाची कहकर पूनम से दरवाजा खुलवाया कि उनकी गेंद वहां गिर गई है, उसे उठानी है। पूनम ने जान पहचान के आधार पर जैसे ही दरवाजा खोला तो दोनों उन्हें पकड़कर अंदर ले गए और डरा धमकाकर पूछने लगे कि पैसे कहा रखे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में तुम्हारे चाचा को ही पता है। दोनों ने वहां रखी अलमारी को टटोला तो वहां कुछ नहीं मिला। योजना फेल होती देख उन्होंने उनके कान के कुंडल निकालने लगे जिस पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। वारदात के दौरान दोनों ने अपने-अपने मुंह को छिपा रखा फिर भी पहचान लिए जाने और भेद खुल जाने के डर से अंकुर ने उनका मुंह दबा लिया और सलमान ने साथ लाए चाकू से गला रेत दिया। जिससे अंकुर के कपड़े भी खून से सन गए थे। दोनों मौके से कुंडल झपटकर उन्हें मरा समझकर भाग गए थे।

एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर अंकुर गुप्ता को गिरफ्तार किया है जिसने पुलिस को पूछताछ में पूरी कहानी बताई। जबकि नकुड़ एवं स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने आज मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर सलमान पुत्र सुलेमान को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में सलमान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस निरीक्षक नकुड़ देवेश शर्मा, एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा, दरोगा देवेंद्र अधाना आदि शामिल रहे। सीओ नकुड़ रूचि गुप्ता और एसएसपी स्वयं इस मामले के खुलासे में लगे रहे। अंकुर गुप्ता ने बताया कि उसके ऊपर बदमाश सलमान का और दूसरे लोगों का बहुत कर्जा था। सलमान उसका अच्छा दोस्त है और डेढ़ लाख रूपए उसने उससे उधार ले रखे थे। इस कर्जे को उतारने के लिए अंकुर ने अपने साथी सलमान की सहायता से इस पूरी घटनाक्रम को अंजाम दिया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post