गौरव सिंघल, सहारनपुर। जनपद के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलगोया गांव के पास कट के निकट एक स्कॉर्पियो कार ने पीछे से दूसरी खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि इसी कार में सवार तीन अन्य लोग व दूसरी कार का ड्राइवर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसे में कार में सवार मंडोरा बहादुगढ थाना खरचेडा जिला सोनीपत हरियाणा निवासी प्रीति 37 वर्ष पत्नी प्रवीन, उसका बेटा शिवांग पुत्र प्रवीण 9 वर्ष, प्रवीन की मां सुदेश 71 वर्ष पत्नी चरण सिंह तथा चरण सिंह की मौत हो गई जबकि इसी परिवार के अन्य तीन सदस्य प्रीति 29 वर्ष पत्नी जयदेव, जयदेव 45 वर्ष, जयदेव की पुत्री भूमी तीन वर्ष घायल हो गए। हादसे में दूसरी कार का ड्राइवर प्रवीन तेवतिया भी घायल हो गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के मंडोरा बहादुगढ थाना खरचेडा निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे, जब वह सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलगोया गांव के पास कट के निकट पहुंचे तो एक स्कॉर्पियो कार ने पीछे से खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि इसी कार में सवार तीन अन्य लोग व दूसरी कार का ड्राइवर घायल हो गए। सूचना पर थाना रामपुर मनिहारान पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय, सहारनपुर भिजवाया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद मृतक चरण सिंह का बेटा सत्यदेव सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गया। जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन हादसे के बाद जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम ली। डीएम-एसएसपी ने चिकित्सकों को घायलों के समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा परिजनों को हरसंभव प्रशासनिक एवं पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिला अस्पताल में सीएमओ प्रवीन कुमार, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक रवि प्रकाश घायलों की निगरानी कर रहे है। थाना रामपुर मनिहारान पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

