शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जिला न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम प्रभारी जनपद न्यायाधीश के निर्देश आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान न्यायिक कार्यों का निर्वहन कर रहे वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर परपर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रतिजन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारियों द्वारा न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा सभी को अधिकाधिक वृक्ष लगाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा सतत विकास के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण हेतु अपना सक्रिय योगदान प्रदान करे। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण जैसे प्रयास न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

