गौरव सिंघल, सहारनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर वृक्षारोपण महाभियान 2026 के अंतर्गत एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम का आयोजन बालियाखेड़ी ब्लॉक कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार द्वारा आम की पौध का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम 'एक पेड़ माँ के नाम' थीम के तहत आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं हरित आवरण में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग (डीएफओ) शुभम सिंह तथा वन विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर पौधारोपण किया। वन विभाग द्वारा जनपद में वृक्षारोपण अभियान को और व्यापक बनाने के लिए विशेष योजनाएँ तैयार की गई हैं। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि इस महाभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा, जिससे जनपद को और हरा-भरा बनाया जा सके।
