गौरव सिंघल, गागलहेड़ी। थाना पुलिस ने अवैध खनन के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए तीन डम्परों को सीज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के कुशल निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में सहारनपुर पुलिस द्वारा अवैध खनन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि हरौडा के पास कुछ भू-माफिया तत्वों द्वारा मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर देखा कि तीन डम्पर जिनमें अवैध रूप से मिट्टी भरी है और जिनके द्वारा मिट्टी का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मिट्टी से भरे तीनों डम्परों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।।सीज वाहनों को थाना परिसर में लाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
