12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सफलता के लिए जागरूकता अभियान प्रारंभ

गौरव सिंघल, सहारनपुर। 21 जून को विश्व भर में मनाये जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने तथा इसके प्रचार व प्रसार के कार्यक्रमों की श्रृंखला में उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई के प्रमुख पदाधिकारियों  ने गांधी पार्क उद्यान में एकत्रित होकर योग हेतु जागरूकता अभियान प्रारंभ किया, जिसमें व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा योग के कार्यक्रमों में इस वर्ष की योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग को सफल बनाने के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि पूरे विश्व में 21 जून को मनाया जा रहा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत के लिए एक राष्ट्रीय पर्व है, क्योंकि दुनिया ने योग को पहचाना है और भारत ही नहीं पूरे विश्व में स्वस्थ रहने के लिए योग की क्रिया श्रेष्ठ है। श्री टण्डन ने कहा कि 20वीं सदी में जब योग को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति मिलनी शुरू हुई तो इस पर सम्पन्न अनेक वैज्ञानिक शोधों ने यह साबित कर दिया कि आधुनिक जीवन में मानव को शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ रखने में योग ही सक्षम हैं और योग दिवस के कारण विश्व में भारतीय संस्कृति की विशेषता साबित हुई है। यह बहुत ही शुभ संयोग है। योग मनुष्य को आध्यात्मिकता की ओर ले जाता है, जो कि व्यक्ति को पूर्णतया प्रदान करती है। पूरी दुनिया ने योग की महत्ता को पहचाना है, जिस बात को वेदों में भारत के महान ऋषियों ने सदियों पहले कहा था पूरा विश्व समर्थन देने के साथ-साथ उसको अपना भी रहा है। 

शीतल टण्डन ने कहा कि योग शास्त्र के अनुसार योग पांच प्रकार के होते हैं जिसमें हठ योग, ध्यान योग, कर्म योग, भक्ति योग और ज्ञान योग इसमें हठ योग का सम्बन्ध प्राण से, ध्यान योग का मन से, कर्म योग का क्रिया से, भक्ति योग का भावना से तथा ज्ञान योग का बुद्धि से सम्बन्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापार मण्डल द्वारा योग को और अधिक लोकप्रिय व संचालित बनाने में न केवल नगर जिला स्तर पर बल्कि प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा तथा योगगुरू रामदेव व योगगुरू पदमश्री भारत भूषण व योगाचार्य गुलशन की प्रेरणा और करो योग रहो निरोग के नारे से पूरे देश की व्यापारी युवा शक्ति व समाज के सभी वर्गों के लोग उत्तम स्वास्थ्य के लिए योग को अपना रहे हैं। यह देश की आने वाली पीढी के लिए सकारात्मक परिणाम देगा। शीतल टण्डन ने कहा कि हम सबको स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक क्रिया में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक अदभूत व अकल्पनीय है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित कोई अंतर्राष्ट्रीय दिवस वैश्विक आंदोलन बन जाए। मात्र 12 वर्ष की अवधि में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर उसकी विषय वस्तु विश्व भर की जीवन शैली का भाग बन जाएं और योग पथ एक दिग्विजय रथ बन जाए। यह हम सब भारतीयों के लिए गौरव की बात है। 

शीतल टण्डन ने कहा कि व्यापार व लेन-देन में योग का बहुत महत्वपूर्ण है। व्यापारी की खाता बहियों के योग का मिलान तब तक नहीं होता और तब तक खाता बही भी अधूरी रहती है। वास्तव में मनुष्य के लिए जीवन में योग ही श्रेष्ठ है। शीतल टण्डन ने कहा कि जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान के आहवान पर आगामी 21 जून को स्थानीय गांधी पार्क स्थित स्टेडियम में प्रातः 6 से 8 बजे तक होने वाले मुख्य कार्यक्रम में व्यापार मण्डल अपनी भूमिका निभाने के साथ-साथ इस वर्ष की थीम ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’’ को भी सफल बनायेगा। इस अवसर पर रमेश अरोडा, कर्नल संजय मिडढा, मुरली खन्ना, संजीव सचदेवा, संजय अलाबादी, राकेश कुमार, कनिका नरूला, प्रेमरानी,माधव,, सुमन अलाबादी, शिवकुमार, केयान, वायु नरूला आदि व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post