12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के तहत पुलिस लाइन में योग शिविर आयोजित, 400 लाभार्थियों ने किया योगाभ्यास

गौरव सिंघल, सहारनपुर। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के क्रम में आज पुलिस लाइन में आयुष विभाग द्वारा एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 लाभार्थियों ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग शिविर में प्रतिभागियों को निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों द्वारा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही दैनिक जीवन में योग को अपनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित खान-पान तथा प्राकृतिक जीवनशैली के संबंध में भी जागरूक किया गया। 

शिविर में प्रतिभागियों को योग से संबंधित उपयोगी जानकारी एवं प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे वे नियमित रूप से योगाभ्यास कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकें। योगाभ्यास का संचालन योग प्रशिक्षक मनोज कुमार, गुलशन कुमार एवं मेघा रोहिल्ला द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। आयुष विभाग द्वारा बताया गया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में विभिन्न स्थानों पर योग सप्ताह के अंतर्गत लगातार योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post