गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने आगामी त्योहारों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत शहर में पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बथा दे कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सहारनपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों और व्यापारियों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति परखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
