पूरे जनपद में कही भी न तो खुले में हुई कुर्बानी, न सड़‌कों पर पढी गई नमाज, शांति-सौहार्द के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का त्यौहार

गौरव सिंघल, सहारनपुर। इस बार ईदुल अजहा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों का पूरा खौफ और असर दिखाई दिया। डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान एवं एसएसपी अभिनंदन सिंह खुद स्थिति पर निगरानी रखे हुए थे। महानगर एवं जिलेभर में कहीं भी मुसलमान भाइयों ने न तो सड़‌कों पर नमाज अदा की और न ही खुले में पशुओं की कुर्बानी की। गौवध की कुर्बानी दिए जाने की भी कोई सूचना नहीं मिली। राज्य सरकार के निर्देशों का पुलिस-प्रशासन ने तो सख्ती से पालन कराया ही है। मस्जिदों और ईद‌गाहों के प्रबंधकों और उलेमा ने भी कानून-नियमों का अनुशासन के साथ पालन कराया। ईद‌गाहों के अलावा मस्जिदों एवं संस्थाओं के प्रागंण मैदानों में भी नमाज अदा की गई।

सहारनपुर के मुख्य ईद‌गाह के मैदान पर करीब 35 हजार मुसलमानों ने नमाज अदा की। वहां शहर काजी नदीम अख्तर ने नमाज अदा कराई। नगर की जामा मस्जिद में करीब पांच हजार मुस्लिमों ने नमाज पढी। वहां इमाम मौलाना अरशद ने नमाज पढ़ाई। मजाहिर उलूम वक्फ एवं मजाहिर उलूम जदीद में भी नमाज हुई। ईदगाह पर डीएम अरविंद चौहान एवं एसएसपी अभिनंदन सिंह, जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद भी उपस्थित रहे। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने पत्रकारों को बताया कि नमाज के कारण कहीं भी ट्रैफिक संचालन में रुकावट पैदा नहीं हुई। देवबंद भी डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह पूरे लाव-लश्कर के साथ मौजूद रहे। उन्होंने यहां व्यवस्थाओं को खुद संभाला। 

देवबंद ईदगाह में कारी मौहम्मद अफ्फान ने और देवबंद जामा माजिद में मुफ्ती बासिफ ने नमाज अदा कराई। पूरे जिले में बकरीद का त्यौहार अपूर्व शांति-सौहार्द के साथ मनाया गया। कुर्बानी का सिलसिला 30 मई की शाम तक चलेगा। करीब 15 फीसद मुस्लिमों ने पशुओं की कुर्बानी न करके उसके कीमत की रकम हकदार गरीबों को दान की। जिलेभर में साफ-सफाई के अभूतपूर्व बंदोबस्त किए गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post