शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर में तंबाकू निषेध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू सेवन न करने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विभागीय स्तर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बैनर पर हस्ताक्षर कर तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं उसके दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित अनेक गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है।
उन्होंने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को इस लत से दूर रखना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन न करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा,ए०आर०ओ० आनंद कुमार, स्टेनो पाकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

