राष्ट्रीय लोक अदालत में 4.61 लाख से अधिक वाद निस्तारित

गौरव सिंघल, सहारनपुर। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दीवानी कचहरी में राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। इसमें 4,61,416 वादों का निस्तारण करते हुए 62 करोड़ 71 लाख 77 हजार 428 रुपये की धनराशि अर्जित की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला जज सतेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों से अधिक से अधिक वादों के निस्तारण का आह्वान किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा हजारों वादों का निस्तारण किया गया। 

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों, अपर जिला जज न्यायालयों, सिविल जज न्यायालयों और ग्राम न्यायालयों में बड़ी संख्या में मामलों का समाधान हुआ। दीवानी न्यायालय में 22,085 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि प्रशासनिक विभागों के 4,37,845 वाद निपटाए गए। बैंक ऋण संबंधी प्री-लिटिगेशन के 1,486 मामलों का भी समाधान कराया गया। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव पालम राणा, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज श्रेय शुक्ला एवं पूर्णकालिक सचिव/सिविल जज (सीडी) पप्पू कुमार सिंह मौजूद आदि रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post