मनोज पाल, मुजफ्फरनगर। जनपद में अखिल विश्व क्षत्रिय पाल महासभा के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें सुनील कुमार पाल को जिलाध्यक्ष व राजेन्द्र पटवारी को युवा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी। सभी ने संगठन की मजबूती और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न केवल संगठन की मजबूती का संदेश दिया, बल्कि समाज में एकजुटता और जागरूकता की नई ऊर्जा का संचार भी किया।
दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल विश्व क्षत्रिय पाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह पाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पदों का वितरण नहीं, बल्कि समाज को एक सशक्त और जागरूक इकाई के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष समाज की प्रगति के तीन प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का आह्वान किया, साथ ही युवाओं को संगठन से जुड़कर नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को पारदर्शी रखते हुए ऐसे व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो लंबे समय से समाज सेवा, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। चयन के दौरान कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुभव, कार्यक्षमता और समाज के प्रति समर्पण को प्राथमिकता दी गई, ताकि संगठन जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाल के नेतृत्व को संगठन के लिए मजबूत आधार बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन ने समाज के विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया है। विधिक जागरूकता, सामाजिक न्याय और संगठनात्मक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया। उनके अनुभव और दूरदर्शिता से संगठन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाल ने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल पद नहीं, बल्कि समाज के प्रति कर्तव्य है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन के उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित कर नई दिशा देने की आवश्यकता है, जिसके लिए एक मजबूत एवं सक्रिय संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य के तहत नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जो संगठन के संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार, आर्थिक उन्नति तथा नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत रहेगी।
नई जिला कार्यकारिणी में जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाल, युवा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पटवारी सहित एडवोकेट किरण पाल को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कृष्ण पाल, रविंद्र पाल एडवोकेट, प्रमोद पाल खोकनी, संजय पाल, भूषण पाल, अनिल पाल को जिला उपाध्यक्ष, विनय कुमार पाल को जिला महासचिव, देशपाल को जिला कोषाध्यक्ष, पवन पाल महाराज को जिला सचिव एवं सांस्कृतिक मंत्री, रविंद्र चंदेल, नरेंद्र पाल, राज सिंह पाल, रामबीर पाल को जिला सचिव तथा सुशील पाल को जिला सचिव एवं प्रचार मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही अमरजीत पाल, सुंदर पाल, अंकित भिक्की, अमित पाल, विवेक पाल, रवि पाल और रमेश पाल को जिला संगठन मंत्री व सुशील पाल खोकनी, देवेंद्र पाल, संजय पाल, श्रीपाल और सागर पाल को जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया। कानूनी सलाहकार की जिम्मेदारी मनीष कुमार पाल एडवोकेट और आदेश कुमार पाल एडवोकेट को सौंपी गयी।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से पंकज पाल को महानगर अध्यक्ष, प्रवीण पाल को सदर ब्लॉक अध्यक्ष, सतीश पाल को मोरना ब्लॉक अध्यक्ष, मुन्ना पाल को खतौली ब्लॉक अध्यक्ष, बलदेव पाल उर्फ बबलू पाल को बकरा ब्लॉक अध्यक्ष, किरण पाल को जानसठ ब्लॉक अध्यक्ष, आदेश पाल को बुढाना ब्लॉक अध्यक्ष, रविंद्र पाल को शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष, अक्षय पाल को पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष तथा हरवीर पाल को चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष टीपी सिंह, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार पाल, मेरठ जिला अध्यक्ष उमेश कुमार, प्रदेश महासचिव राष्ट्रीय लोकदल रामनिवास पाल, अमरनाथ पाल, एडवोकेट किरण पाल, प्रेमचंद पाल, सुंदर पाल, जिला पंचायत सदस्य तरुण पाल, संजय पाल, रामबीर पाल, विनय प्रमुख सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

