गौरव सिंघल, सहारनपुर। विशेष गहन पुनर्रीक्षण यानि (एसआईआर) के चलते करीब 276859 मतदाता कम हुए हैं। एसआईआर से पहले मतदाताओं की कुल संख्या 2642675 के करीब थी अब पात्र मतदाता 2365816 के करीब रह गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि घटे हुए मतदाताओं में 120143 पुरूष, 156695 महिलाएं और 21 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा मतदाता 73713 सहारनपुर नगर सीट पर कटे हैं जबकि सबसे कम मतदाता रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट पर 22132 कटे हैं। विधानसभावार जो अंतिम मतदाता सूची तैयार हुई है उसमें बेहट विधानसभा सीट पर 346507, नकुड़ में 335049, सहारनपुर नगर 387301, सहारनपुर देहात 339033, देवबंद 315217, रामपुर मनिहारान 299035 और गंगोह में 343674 पात्र मतदाता रह गए हैं। मनीष बंसल के मुताबिक एसआईआर के बाद सहारनपुर जिले में नए युवा मतदाता जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष है की संख्या 40949 है। इनमें 23626 युवक और 17323 युवतियां हैं यानि ये युवा मतदाता 2027 के विधानसभा चुनाव नतीजों को प्रभावित करने की भूमिका में होंगे।
ध्यान रहे सहारनपुर जिले में सात विधानसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने सहारनपुर नगर, रामपुर मनिहारान, देवबंद और नकुड़ सीटें जीती थीं। जबकि बेहट और सहारनपुर देहात पर सपा विजयी हुई थी। देवबंद सीट पर भाजपा के बृजेश सिंह ने दूसरी बार जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने ही राजपूत बिरादरी के सपा उम्मीदवार कार्तिकेय राणा को 7104 मतों से हराया था। इस सीट पर 34257 मतदाता के नाम कट गए हैं। ये कम हुए मतदाता नतीजों पर क्या असर डालेंगे कहना मुश्किल है। इसी तरह भाजपा सहारनपुर नगर सीट पर 7434 मतों के अंतर से जीत पाई थी। भाजपा के राजीव गुंबर ने तब सपा के संजय गर्ग को पराजित किया था। संजय गर्ग वर्तमान में भाजपा में हैं और सीट से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं।
सहारनपुर सीट पर 73713 वोट कम हुए हैं। जिले की नकुड़ सीट पर नए उम्मीदवार भाजपा के मुकेश चौधरी ने भाजपा छोड़कर सपा टिकट पर लड़े राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी को केवल 315 वोटों के अंतर से हराया था। इस सीट पर 28055 वोट कम हुए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम नई मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं वे अपना वोट बनवा सकते हैं।
