शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पुरातन छात्रा सम्मेलन आयोजित, पुरातन छात्राओं ने किये अपने अनुभव साझा

शि.वा.ब्यूरो, मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज पुरातन छात्रा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अनेक पुरातन छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया और अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 (डॉ0) अंजू सिंह ने ज्ञान की देवी मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके एवं पुष्पार्पित करके किया।

पुरातन छात्रा सम्मेलन में महाविद्यालय की वर्तमान छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर एवं तिलक लगाकर पुरातन छात्राओं का स्वागत किया। सम्मेलन में पूर्व छात्राओं ने अपनी पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किये। उन्होंने अपनी प्रगति में प्राध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उनके सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में ग्रहण की गई शिक्षा के कारण ही वे अपने सपनों को साकार कर पा रही हैं। अपने अनुभव साझा करने के उपरांत छात्राओं ने गीत, शायरी व नृत्य आदि मनमोहक रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन पुरातन छात्रा सम्मेलन की प्रभारी व हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो0 (डॉ0) सुधा रानी सिंह ने किया। उन्होंने इस आयोजन को पुरातन छात्राओं के साथ ही वर्तमान छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन पुरातन छात्राओं को महाविद्यालय से जोड़े रखने के साथ ही पूर्व और वर्तमान छात्राओं के बीच संबंधों को भी दृढ़ता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पुरातन छात्राओं के अनुभवों से वर्तमान छात्राएं प्रेरित और लाभान्वित होती हैं।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो0 (डॉ0) अंजू सिंह ने कहा कि पुरातन छात्राओं का महाविद्यालय से लगाव और जुड़ाव तथा इनकी उपस्थित हमें गौरवान्वित करती है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन एकजुटता, स्मृतियों और नए अवसरों का संगम साबित होगा। कार्यक्रम में प्रो0 मोनिका चैधरी, डॉ0 आवेश कुमार एवं डॉ0 सोशल का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post