मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज जनपद में संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।

सीएमओ ने आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जटमुझेड़ा, मोरना, सिकंदरपुर, तेजलहेड़ा, भोकरहेडी एवं बरला पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य मेलों में पंजीकरण व्यवस्था, मरीजों की जांच, दवा वितरण, टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का मौका-मुआयना किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य मेलों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध रहें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख अद्यतन रूप से संधारित किए जाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके निकट ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post