बता दें कि 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के साथ नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। इससे साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहर दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ सकेंगे। एक ही बुनियादी ढांचे पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का निर्बाध एकीकरण तेज रफ्तार अंतर-शहरी यात्रा और शहर के भीतर सुगम आवागमन को संभव बनाएगा। इससे सड़क यातायात में भीड़ कम होगी और वाहनों से होने वाले कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी। दिल्ली मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को क्षेत्रीय और शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।
कॉरिडोर की शुरुआती स्टेशन सराय काले खान है, जो चार नए नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह स्टेशन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से जुड़ा हुआ है।शुरू होने वाले अन्य तीन स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम मेरठ में स्थित हैं।