विधवा वित्तीय सहायता के तहत गंगा स्वरूपा योजना की राशि अब इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खातों में

शि.वा.ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात सरकार द्वारा विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा उन्हें स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाने के क्रम में आरंभ "गंगा स्वरूपा आर्थिक सहायता योजना", जिसे 'विधवा वित्तीय सहायता' (डबल्युएफए) योजना के नाम से भी जाना जाता है, का लाभ अब इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से भी लिया जा सकेगा। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में कुल 1,47,647 डबल्युएफए लाभार्थी पोस्ट ऑफिस खातों के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त कर रही हैं। इसी क्रम में हाल ही में महिला एवं बाल विकास विभाग, गुजरात सरकार ने डाकघरों में चल रहे डबल्युएफए लाभार्थियों के आधार सीडेड आईपीपीबी खाते खोलने हेतु पहल की है, ताकि आधार आधारित डीबीटी के माध्यम से लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि ऐसे में जो भी लाभार्थी वर्तमान में पोस्ट ऑफिस खातों के माध्यम से लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वे अब अपना लाभ आईपीपीबी खातों में प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि इस हेतु उत्तर गुजरात के अंतर्गत अहमदाबाद, गांधीनगर, महेसाणा, पाटन, साबरकांठा, अरवल्ली, बनासकांठा जिलों में डाक विभाग द्वारा 14 से 20 फरवरी तक एक विशेष अभियान चलाकर 'विधवा वित्तीय सहायता' के नए आईपीपीबी खाता खोले जायेंगे।



पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि डबल्युएफए लाभार्थी अपना आईपीपीबी खाता खोलने के लिए निकटतम डाकघर से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि आईपीपीबी खाते डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक द्वारा लाभार्थी के घर पर भी अनुरोध पर खोले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि खाता खोलने के लिए लाभार्थी को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर एवं बचत खाता पासबुक की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि ये खाते ज़ीरो बैलेंस से भी खोले जा सकते हैं। आईपीपीबी खाता खुलने के बाद उक्त खाते में आधार सीडिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी लाभार्थी के पास पहले से ही आईपीपीबी खाता है तो डब्ल्यूएफए भुगतान प्राप्त करने हेतु केवल आधार सीडिंग कराना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि लाभार्थी का आईपीपीबी खाता पहले से मौजूद डाकघर बचत खाते से भी लिंक किया जा सकता है, और डाकघर बचत खाता और आईपीपीबी के फायदे एक साथ उठाए जा सकते हैं।

अहमदाबाद मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक चिराग मेहता ने बताया कि अहमदाबाद में कुल 33,990 डबल्युएफए लाभार्थी पोस्ट ऑफिस खातों के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त कर रही हैं। यदि किसी लाभार्थी को आईपीपीबी खाता खोलने में कोई समस्या हो, तो वे समाधान हेतु 8210608040 पर संपर्क कर सकती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post