शि.वा.ब्यूरो, लखनऊ। होली के आसपास रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। बुधवार से रोडवेज बसों में ऑनलाइन सीटों की बुकिंग खोल दी गई है। रोडवेज की बसों में ऑनलाइन बुकिंग 30 दिन पहले शुरू होती है और होली को देखते हुए यात्रियों ने टिकट बुक कराना भी शुरू कर दिया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि फिलहाल केवल एसी बसों में ही एडवांस सीट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा चुनिंदा रूटों पर संचालित एसी बसों के लिए दी गई है। उन्होंने बताया कि ये बसें आलमबाग बस अड्डे से संचालित होंगी, जिनमें लखनऊ से दिल्ली, देहरादून, जयपुर, गोरखपुर, बरेली समेत अन्य प्रमुख रूट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लंबी दूरी के अधिकांश यात्रियों को एसी बसों की सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि यात्री नचेतजबण्बवउ पर जाकर टिकट बुकिंग, बस टाइमिंग और रूट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी समस्या की स्थिति में टोल फ्री नंबर 18001802877 पर संपर्क किया जा सकता है।
