कार्यशाला में साइबर फ्रॉड से बचने के गुर सिखाए

गौरव सिंघल, सहारनपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड द्वारा मिशन कंपाउंड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में आयोजित उपभोक्ता शिक्षा कार्यशाला में दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता के साथ-साथ वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और स्पैम कॉल्स पर गंभीर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए ट्राई (TRAI) के नए नियमों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बीएसएनएल द्वारा उपभोक्ता शिक्षा कार्यशाला आयोजित कर सेवा की गुणवत्ता पर चर्चा की गई।

भारत संचार निगम लिमिटेड आज मिशन कंपाउंड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में एक विशेष 'उपभोक्ता शिक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय 'दूरसंचार क्षेत्र में सेवा की गुणवत्ता पर विनियमन' रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहारनपुर के मुख्य वार्डन (नागरिक सुरक्षा) राजेश कुमार जैन उपस्थित रहे। कार्यशाला की अध्यक्षता बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई, जिनमें उप महाप्रबंधक शूरवीर सिंह, सहायक महाप्रबंधक  शशि कुमार, मंडल अभियंता अजय कुमार, संदीप जैन मुख्य रूप से शामिल रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को दूरसंचार सेवाओं के मानकों, उनके अधिकारों और क्वालिटी ऑफ सर्विस से संबंधित नियमों के प्रति जागरूक करना था। विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार विभाग अपनी सेवाओं को और अधिक पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। साथ ही उन्होंने विभाग की योजनाओं को सिविल डिफेंस के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने और जागरूक करने के लिए चीफ वार्डन राजेश कुमार जैन से अनुरोध किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  राजेश कुमार जैन (मुख्य वार्डन, सिविल डिफेंस) ने कहा कि साइबर अपराधी अब ट्राई और पुलिस के नाम का डर दिखाकर लोगों को ठग रहे हैं। उपभोक्ता को यह समझना होगा कि कोई भी सरकारी विभाग फोन पर आपकी निजी जानकारी या पैसे की मांग नहीं करता। सतर्कता ही बचाव है। उप महाप्रबंधक शूरवीर सिंह ने विभागीय सक्रियता पर जोर देते हुए कहा बीएसएनएल अपने नेटवर्क को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। ट्राई के नए नियमों के तहत अब अनधिकृत कॉलर्स पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ता किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल की रिपोर्ट 'चक्षु' पोर्टल पर जरूर करें। कार्यशाला में इंटरनेट और मोबाइल फ्रॉड से बचने के लिए ट्राई द्वारा जारी 2026 के नवीनतम उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों की आधिकारिक कॉल अब केवल 1600 सीरीज से शुरू होने वाले नंबरों से आएगी। सामान्य 10 अंकों के मोबाइल नंबर से आने वाली बैंक कॉल से सावधान रहें। केवल स्पैम नंबर को ब्लॉक करना काफी नहीं है। ट्राई के DND App पर शिकायत दर्ज करें ताकि उस नंबर को पूरे देश में हमेशा के लिए डिस्कनेक्ट किया जा सके। संदिग्ध व्हाट्सएप मैसेज या कॉल की रिपोर्ट तुरंत संचार साथी पोर्टल के 'चक्षु' फीचर पर करें। ट्राई ने स्पष्ट किया है कि वह कभी भी किसी उपभोक्ता को मोबाइल नंबर बंद करने के लिए सीधे कॉल या मैसेज नहीं करता। ऐसे कॉल पूरी तरह फर्जी हैं। कार्यशाला में विभाग के विभिन्न अनुभागों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से एसडीई (SDE) अनुपमा जोशी, राजकुमार, संजय कटारिया, विजय कुमार जेटीओ (JTO), चंचल कुमार, मन कुमार, अमित शर्मा, अनुज शर्मा,
 जेई (JE): राहुल वर्मा, किरण सिंह, अनुराग कुमार (TT), नफीस अहमद (JTO) और नरेश काला शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दूरसंचार सेवाओं को बेहतर बनाने और उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निवारण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख मीडिया कर्मी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस जन-जागरूकता अभियान में अपना सहयोग दिया। 
विभागीय टीम से AGM शशि कुमार, DE अजय कुमार, SDE अनुपमा जोशी, SDE राजकुमार, SDE संजय कटारिया और JTO चंचल कुमार सहित कई अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं के सवालों के जवाब दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post