शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में बीसीए विभाग के IQAC Cell के Infotainment club R "Career Opportunities in Era of AI & Fundamentals of Artificial Intelligence' विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में उभरते करियर अवसरों एवं इसकी मूलभूत अवधारणाओं से अवगत कराना था। यह सेमिनार EFOS in (Education Future One Stop) के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्र भविष्य की दिशा निर्धारित कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता विकसित करने और नवाचार को अपनाने की प्रेरणा दी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव तयाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल एक तकनीकी विषय नहीं, बल्कि आने वाले समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग की मांग के अनुरूप स्वयं को तैयार करने पर बल दिया। सेमिनार के मुख्य वक्ता EFOS-in के संस्थापक सचिन जैन उपस्थित रहे। उन्होंने AI की मूल अवधारणाओं को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि AI का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग, ई-कॉमर्स, रोबोटिक्स एवं साइबर सिक्योरिटी जैसे अनेक क्षेत्रों में किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को Python जैसी प्रोग्रामिंग भाषाओं, लॉजिकल थिंकिंग एवं समस्या समाधान कौशल विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में ऑटोमेशन और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली (Data&Driven Decision Making) प्रत्येक उद्योग का आधार बनने वाली है, इसलिए विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर प्रोजेक्ट - आधारित शिक्षण (Project Based Learning) पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस के बीच अंतर को उदाहरण सहित समझाया तथा बताया कि कैसे छोटे-छोटे प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स से बड़े करियर की शुरुआत की जा सकती है।
सचिन जैन ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोर्स, इंटर्नशिप एवं हैकाथॉन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे वास्तविक समस्याओं के समाधान पर कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, नई तकनीकों के प्रति जिज्ञासा और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि सही दिशा और समर्पण हो तो AI के क्षेत्र में असीम संभावनाएँ उपलब्ध हैं। कार्यक्रम का संचालन चंदना मैडम द्वारा अत्यंत प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर मोहित गोयल रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने AI से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विद्यार्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया ।इस अवसर पर रजत शर्मा, हर्षित गोयल, हर्षिता, निरंकार शर्मा, देवेश भारद्वाज, नवनीत चौहान, अनुज गोयल, अंकुर अग्रवाल, राहुल शर्मा, रोबिन मलिक, शेखर, प्रशांत गुप्ता, विनीता चौधरी, अमित, सतीश, शशांक भारद्वाज एवं पवन बालियान आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


