एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में मदर ऑफ ऑल डील्स इंडिया मिडिल ईस्ट–यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर विषय पर इन्फोटेनमेंट गतिविधि आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ सेल के अंतर्गत संचालित इन्फोटेनमेंट क्लब द्वारा मदर ऑफ ऑल डील्स इंडिया-मिडिल ईस्ट- यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं समसामयिक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की वैश्विक आर्थिक रणनीतियों तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समझौतों के महत्व से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डा० संदीप मित्तल द्वारा किया गया। 

डा० संदीप मित्तल ने इन्फोटेनमेंट क्लब एवं IQAC सेल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के समसामयिक विषयों पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि IMEC परियोजना भारत के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जो न केवल व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करेगी, बल्कि भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बनाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की वैश्विक पहलों को समझने और उनसे जुड़े अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि IMEC परियोजना भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह कॉरिडोर भारत, मध्य पूर्व और यूरोप के बीच व्यापार, परिवहन, ऊर्जा एवं डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। इससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक दीपक कुमार गर्ग ने विद्यार्थियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से IMEC परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह परियोजना भारत, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, यूरोपीय देशों सहित कई राष्ट्रों के सहयोग से विकसित की जा रही है। इस कॉरिडोर के माध्यम से रेल और समुद्री मार्गों का एक समन्वित नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे माल परिवहन की लागत एवं समय दोनों में कमी आएगी। उन्होंने विस्तार से समझाया कि IMEC को मदर ऑफ ऑल डील्स इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि यह परियोजना वैश्विक व्यापारिक परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखती है। दीपक कुमार गर्ग ने बताया कि इस परियोजना से लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सेवाओं एवं स्टार्टअप्स के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएँ उत्पन्न होंगी।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डा० आलोक गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज सदैव विद्यार्थियों को नवीनतम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि IMEC जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा । इस अवसर पर डॉ. संगीता गुप्ता, मोहम्मद अंजर, संजय शर्मा, सोनिका, पूरवी, प्राची, रोहन त्यागी, प्रशांत गुप्ता, विनीता चौधरी, सतीश, अमित, पवन बलियान एवं लवी वर्मा उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post