श्री राम पॉलिटेक्निक में 3डी प्रिंटिंग विषय पर एक दिवसीय तकनीकी सेमिनार आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेज (पॉलिटेक्निक) में इंडस्ट्रियल रिवॉल्यूशन 4.0-3डी प्रिंटिंग के अंतर्गत 3डी प्रिंटिंग विषय पर एक दिवसीय तकनीकी सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम औद्योगिक तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में नालंदा एजुटेक के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। अपने विस्तृत उद्बोधन में उन्होंने 3डी प्रिंटिंग तकनीक की कार्यप्रणाली, डिजाइन एवं निर्माण प्रक्रिया में इसकी उपयोगिता, उत्पादन लागत में कमी, समय की बचत तथा गुणवत्ता में सुधार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में 3डी प्रिंटिंग तकनीक मैकेनिकल, सिविल, ऑटोमोबाइल, मेडिकल एवं एयरोस्पेस जैसे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। मुख्य वक्ता ने औद्योगिक 4.0 के अंतर्गत डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन एवं नवाचार के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को कौशल विकास, स्टार्ट-अप एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सेमिनार के अन्तर्गत विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो0 एस0एन0 चौहान एवं सभी शिक्षक उपस्थित रहे। प्रो0 एस0एन0 चौहान ने कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक समझ एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post