गौरव सिंघल, गागलहेडी। क्षेत्र में दहेज रहित विवाह का एक उत्कृष्ट उदाहरण एक विवाह समारोह में तब देखने को मिला जब दूल्हे प्रफुल्ल सोम ने दुल्हन साक्षी राणा के पिता छुटमलपुर निवासी रविंद्र सिंह राणा द्वारा शगुन के तौर पर दिए जा रहे 21 लाख रुपये की रकम ससम्मान वापस लौटा दी।
मेरठ के गांव कुसावली से यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक यशपाल सिंह सोम का बेटा प्रफुल्ल सोम कैलाशपुर स्थित एक बैंक्वेट हाल में बारात लेकर आया था। वधू पक्ष की ओर से परंपराओं का निर्वहन किया जा रहा था। जैसे ही वधू पक्ष की तरफ से 21 लाख रुपये की भेंट दूल्हे की तरफ बढ़ाई गई तो उसने इसे लेने से मना कर दिया। इसकी सहमति दूल्हे के पिता यशपाल सिंह सोम ने भी दी। उन्होंने कहा कि दुल्हन ही दहेज है और उन्हें एक भी पैसा दहेज में नहीं चाहिए। दूल्हे प्रफुल्ल के पिता यशपाल सिंह सोम गागलहेड़ी और फतेहपुर थाने सहित जिले के कई थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में शामली जिले के कैराना थाने में तैनात हैं। वर और वधु दोनों नोएडा स्थित कंपनी में इंजीनियर हैं। दूल्हे और उसके परिवार के इस कदम की चहुंओर सराहना हो रही है।